दिसंबर ने बढ़ाई तपन, ठंडी के लिए करना होगा नए साल का इंतजार
December increases the heat, will have to wait for the new year for coolness
मुंबई: वैसे तो मुंबई में दिसंबर के महीने में ठीक-ठाक ठंड पड़ती है, लेकिन इस साल इस महीने की गर्मी ने लोगों के पसीने ही छुड़ा दिए। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 3 दिसंबर के बाद से महानगर में दिन का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से अधिक ही दर्ज हुआ है।
मुंबई: वैसे तो मुंबई में दिसंबर के महीने में ठीक-ठाक ठंड पड़ती है, लेकिन इस साल इस महीने की गर्मी ने लोगों के पसीने ही छुड़ा दिए। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 3 दिसंबर के बाद से महानगर में दिन का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से अधिक ही दर्ज हुआ है। इस गर्मी का सबसे बड़ा कारण भारत के मध्य में तैयार हुआ ऐंटि साइक्लोन सिस्टम है, जिसने देश के उत्तरी दिशा से आनेवाली ठंडी हवाओं को ब्लॉक कर दिया। मौसम का जो पारा दिख रहा है, उससे संभावना जताई जा रही है कि यह अब नए वर्ष के पहले सप्ताह में ही लुढ़केगा। मुंबई में 7 जनवरी से तापमान में गिरावट आ सकती है।
क्षेत्रीय मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को उपनगर का अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस और शहर का 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, उपनगर में न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस और शहर का 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विशेषज्ञ राजेश कपाड़िया ने बताया कि दिसंबर महीना आखिरी पड़ाव पर है, लेकिन महानगर में ठंड के मौसम में भी गर्मी महसूस हो रही है। पूरे दिसंबर में सामान्य से 3 डिग्री अधिक ही तापमान दर्ज किया गया है। 24 नवंबर को सबसे ज्यादा 35.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से औसतन 4 डिग्री सेल्सियस अधिक ही रहा।
क्षेत्रीय मौसम विभाग के निदेशक सुनील कांबले ने बताया कि इस बार देश के उत्तरी दिशा से आनेवाली ठंडी हवाएं उतनी प्रबल नहीं हैं। इसके अलावा पश्चिम यानी समुद्र से पूर्व की तरफ आनेवाली हवाएं 11 बजे सेटल होनी चाहिए, लेकिन वह दोपहर 1 से 2 बजे के बीच सेटल हो रही है। इसलिए राज्य के उत्तर में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

